खेल

 क्या आज क्लासेन का ‘राज’ खत्म करेंगे शुभमन गिल? देखें टॉप रन-स्कोरर्स की लिस्ट

आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स का प्रदर्शन अब तक किसी चैंपियन टीम से कम नहीं रहा है। टीम ने अब तक एक भी मैच नहीं गंवाया है और हर जीत में उनका दबदबा साफ नजर आया है।

रविवार को खेले गए लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ 54 रन की जीत ने इस बात को और मजबूत कर दिया कि पंजाब खिताब के सबसे बड़े दावेदारों में से एक है।

अगर पंजाब की यही फार्म जारी रहती है तो उन्हें रोकना बाकी टीमों के लिए बेहद मुश्किल साबित होगा। इस मुकाबले में पंजाब के बल्लेबाजों ने एक बार फिर विरोधी टीम पर पूरी तरह हावी होते हुए 20 ओवर में 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

युवा बल्लेबाज प्रियांश आर्य (93) और ऑस्ट्रेलियाई स्टार कूपर कोनोली (87) ने मिलकर 182 रन की साझेदारी की, जिसने मैच को एकतरफा बना दिया। पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ ने शुरुआत तो तेज की, लेकिन इतने बड़े स्कोर के दबाव में दब गई और 20 ओवर में पांच विकेट पर 200 रन ही बना सकी। पंजाब छह मैचों में पांच जीत के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है। कोलकाता के खिलाफ उसका एक मैच रद हुआ था।

PBKS की लगातार पांचवीं जीत
इस मैच में दिल्ली के युवा बल्लेबाज प्रियांश का बेखौफ अंदाज देखने को मिला। उन्होंने बिना ज्यादा फुटवर्क के सिर्फ अपने दमदार शाट्स से गेंदबाजों की लाइन-लेंथ बिगाड़ दी। उनके बल्ले से निकले नौ छक्के इस बात का सुबूत थे कि वह इस सीजन किस लय में हैं। दूसरी ओर कोनोली ने क्लास और टाइमिंग का शानदार प्रदर्शन किया।

पंजाब की बल्लेबाजी की सबसे बड़ी खासियत है कि टीम ने हर मैच में आक्रामक क्रिकेट खेला है और विपक्षी टीम को वापसी का मौका ही नहीं दिया। लखनऊ की टीम कभी भी मैच में पकड़ नहीं बना सकी। पावरप्ले में 61 रन बनाने के बावजूद टीम दबाव में रही। कप्तान ऋषभ पंत (43) और मिचेल मार्श (40) ने कोशिश जरूर की, लेकिन पंजाब के गेंदबाजों ने उन्हें ज्यादा देर टिकने नहीं दिया। विजयकुमार वैशाख ने अपनी विविधताओं से बल्लेबाजों को रोकने में अहम भूमिका निभाई।

जैसे ही लखनऊ के प्रमुख बल्लेबाज आउट हुए, मैच पूरी तरह पंजाब के पक्ष में चला गया। इस मैच में पंजाब की रणनीति बेहतरीन रही है। गेंदबाजी और बल्लेबाजी में टीम ने संतुलन दिखाया, जो किसी चैंपियन टीम की पहचान होती है।

जब पंजाब की टीम बल्लेबाजी कर रही थी तो लखनऊ के गेंदबाज पूरी तरह दबाव में नजर आए और कई महंगे ओवर डाल दिए। टीम सात ओवरों में 15 से ज्यादा रन लुटा बैठी, जिससे मैच पर से उनकी पकड़ पूरी तरह छूट गई। इस सीजन पंजाब ने पिछले तीन मुकाबले में तो एकतरफा जीत दर्ज की है और उनका आत्मविश्वास चरम पर है। पिछले सीजन फाइनल तक पहुंचने के बाद इस बार टीम किसी भी कीमत पर ट्रॉफी जीतना चाहती है।

प्रयोग पड़ा भारी
लखनऊ विशाल लक्ष्य का पीछा कर रही थी, लेकिन पंत ने अपने सबसे अनुभवी बल्लेबाज एडेन मार्करैम को ओपनिंग की बजाय पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा। टीम के लिए इस मैच में आयुष बडोनी से ओपनिंग कराई, हालांकि उन्होंने भी कुछ अच्छे शाट्स जरूर लगाए, लेकिन वह बड़ी पारी नहीं खेल सके। मार्करम जब बल्लेबाजी करने उतरे तब तक काफी देर हो चुकी थी और मैच लखनऊ के हाथ से निकल चुका था।

आईपीएल 2026 की ऑरेंज कैप सनराइजर्स हैदराबाद के हेनरिक क्लासेन के पास हैं, जिन्होंने अभी तक 6 मैच खेलते हुए 283 रन बना लिए हैं। उनके नाम 19 चौके और 10 छक्के दर्ज हैं।

दूसरे नंबर पर शुभमन गिल हैं, जिन्होंने अब तक 4 ही मैच खेले है, लेकिन इस दौरान उन्होंने 251 रन बना लिए हैं। गिल रनों के मामले में क्लासेन से ज्यदा पीछे नहीं हैं। ऐसे में आज एमआई बनाम जीटी के मैच में गिल की नजरें क्लासेन से ऑरेंज कैप छिनने पर होगी। गिल को ऑरेंज कैप पर कब्जा जमाने के लिए 33 रन आज एमआई के खिलाफ बनाने होंगे।

Related Articles

Back to top button