रोहित शर्मा ने नेट्स पर जमकर बहाया पसीना, वनडे सीरीज में मचाएंगे तहलका
भारतीय टीम के अनुभवी प्रारंभिक बल्लेबाज रोहित शर्मा ने बुधवार को टीम के साथ नेट्स में अभ्यास किया और युवा सितारों की मौजूदगी के बावजूद आकर्षण का केंद्र बने रहे। भारतीय टीम की बस के आइएस बिंद्रा स्टेडियम पहुंचने से पहले ही उनके फिटनेस को लेकर चर्चाएं शुरू हो चुकी थीं। हालिया ब्रेक के बाद उनकी फिटनेस पर सवाल उठ रहे थे।
हालांकि मंगलवार को ही रिपोर्ट किया था कि उन्हें खेलने की मंजूरी मिल चुकी है। जब भारतीय टीम अभ्यास के लिए मैदान पर उतरी तो सभी की निगाहें स्वाभाविक रूप से रोहित पर ही टिक गईं। नए टी-20 कप्तान श्रेयस अय्यर, स्टार बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और युवा खिलाड़ी गुरनूर बरार, प्रिंस यादव व हर्ष दुबे भी मौजूद थे।
रोहित ने बल्लेबाजी शुरू करने से पहले स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच एड्रियन ले रूक्स के साथ कुछ समय बातचीत की और फिर हल्के शटल रन लगाए। इस दौरान ईशान किशन भी उनके साथ रहे। रोहित ने करीब पांच सेट पूरे किए और उनके शरीर में किसी तरह की परेशानी के संकेत नहीं दिखे। हालांकि असली उत्सुकता तब बढ़ी जब उन्होंने पैड पहनकर बल्लेबाजी शुरू की।
अगले एक घंटे तक उनकी हर गतिविधि पर नजरें टिकी रहीं। वह तेज गेंदबाजों और स्पिनरों दोनों के विरुद्ध बल्लेबाजी करते रहे। कोच, साथी खिलाड़ी और मौजूद दर्शक उनकी हर शॉट और हर चूक को ध्यान से देख रहे थे। लंबे ब्रेक के बाद लौटने वाले बल्लेबाज की तरह शुरुआत में रोहित थोड़े संघर्ष करते नजर आए। वह टाइमिंग और लय तलाश रहे थे।

