खेल

शुभमन गिल ने डेरिल मिचेल से छीनी नंबर-1 की कुर्सी, विराट-रोहित किस स्थान पर?

 इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार, 29 जुलाई को वनडे की ताजा रैंकिंग जारी की। भारत के वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने एक बार फिर से पहला स्थान हासिल कर लिया है। गिल इससे पहले भी वनडे की रैंकिंग में पहले स्थान पर रहे थे लेकिन न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल ने उन्हें पीछे छोड़कर पहला पायदान हासिल कर लिया था।

गिल ने अब दोबारा वनडे की रैंकिंग में अपनी बादशाहत कायम कर ली है और पहले नंबर पर पहुंच गए हैं। उनके अलावा वनडे में रोहित शर्मा और विराट कोहली की जोड़ी भी अपना दबदबा बनाए हुए हैं। विराट ने इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में खेली गई वनडे सीरीज में दो अर्धशतक लगाया था, जबकि रोहित ने लॉर्ड्स में शतकीय पारी खेली थी।

शुभमन गिल बने नंबर-1

गिल ने मिचेल को पीछे छोड़कर पहला स्थान हासिल किया। भारतीय कप्तान के इस समय 801 रेटिंग प्वाइंट्स हैं। उन्होंने भी इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज में दो अर्धशतक लगाया था, जिसका फायदा उन्हें मिला है। मिचेल अब 794 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। टॉप-5 की बात करें, तो यहां भारत का दबदबा देखने को मिलता है और 3 भारतीय बल्लेबाजों का नाम शामिल है।

रोहित शर्मा और विराट कोहली किस स्थान पर?

ताजा रैंकिंग में विराट कोहली तीसरे स्थान पर काबिज हैं। उनके 767 रेटिंग प्वाइंट्स हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ दो अर्धशतक लगाया था, जिसकी वजह से तीसरे नंबर पर बने हुए हैं। इससे पहले भी वे तीसरे स्थान पर ही थे। रोहित की बात करें, तो वे चौथे स्थान पर हैं। शर्मा के 758 रेटिंग प्वाइंट्स हैं। वे पहले भी चौथे स्थान पर थे। पांचवें नंबर पर 712 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान मौजूद हैं।

बॉलिंग रैंकिंग में राशिद खान का जलवा

वनडे की बॉलिंग रैंकिंग की बात करें, तो यहां अफगानिस्तान के दिग्गज स्पिनर राशिद खान का जलवा है। वे 682 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ पहले स्थान पर मौजूद हैं। वनडे की गेंदबाजी रैंकिंग में भारत का कोई भी गेंदबाज टॉप-5 में शामिल नहीं है। इस फॉर्मेट के ऑलराउंडर की रैंकिंग में अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह उमरजई पहले स्थान पर हैं।

Related Articles

Back to top button