खेल

 वैभव सूर्यवंशी हो जाएंगे फेल अगर टीम मैनेजमेंट ने इस बात पर नहीं किया काम

वैभव सूर्यवंशी मौजूदा क्रिकेट में वो नाम है जिस पर पूरी दुनिया की नजरें हैं। हर कोई उनको आगे बढ़ते हुए देखना चाहता है। जिम्बाब्वे दौरे पर वैभव ने प्लेयर ऑफ द सीरीज जीतकर बता दिया है कि वह क्या कर सकते हैं, लेकिन इस दौरे पर भारत के कोच के तौर पर गए वीवीएस. लक्ष्मण ने इस खिलाड़ी को लेकर बड़े संकेत दिए हैं।

लक्ष्मण ने अप्रत्यक्ष तरीके से कहा है कि अगर वैभव के साथ टीम मैनेजमेंट एक खास चीज पर काम नहीं करता है तो फिर दिक्कत होगी। वैभव ने तीसरे मैच में 49 गेंदों पर 81 रनों की पारी खेली और भारत को जीत दिलाई। टीम इंडिया ने तीन मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम की।

फिटनेस पर करना होगा काम

लक्ष्मण ने कहा कि वह काफी दिनों से वैभव को जानते हैं। उन्होंने कहा कि वैभव आयु वर्ग में काफी दिनों से खेल रहे हैं और कई बार बेंगलुरू के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि सीनियर टीम के साथ काम करते हुए वैभव को देख पता चला कि वह एक इंसान के तौर पर काफी परिपक्व हो गए हैं।

उन्होंने कहा, “एक बात जो काफी प्रभावी लगी वो ये थी कि वह एक इंसान के तौर पर काफी बेहतर हुए हैं। उनकी परिपक्वता में इजाफा हुआ है। बीते छह महीनों में उनकी समझ और अवेयरनेस काफी आगे गई है। इसी कारण वह मुश्किल परिस्थितियों को अच्छे से संभाल रहे हैं। एक जो एरिया है जहां हम उन्हें बेहतर होते देखना चाहते हैं वो है उनकी पूरी फिटनेस। हमें इस बात का ख्याल रखना होगा कि वह सिर्फ 15 साल के हैं। वह काफी युवा हैं।”

वैभव में है ललक

लक्ष्मण ने कहा कि वैभव में खुद इस बात की ललक है कि वह हर क्षेत्र में बेहतर होना चाहते हैं। उन्होंने कहा, “वह खेल के हर हिस्से में बेहतर होना चाहते हैं। अगर आप आज का मैच देखें तो वह जिम्मेदारी उठा रहे थे जबकि उन्हें चोट लगी थी, लेकिन फिर भी वह मैदान पर होना चाहते थे। हमारे फिजियो ने उन्हें बुलाया और बाहर बैठने को कहा।”

Related Articles

Back to top button