अर्शदीप सिंह फिर विवादों में घिरे! प्रियांश आर्य का उड़ाया मजाक
पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह एक बार फिर सोशल मीडिया पर विवादों में घिर गए हैं। अक्सर अपनी रील के कारण चर्चा में रहने वाले अर्शदीप का ताजा वीडियो सामने आया है। इसमें वह अपने साथी प्रियांश आर्य का मजाक बना रहे हैं। यह वीडियो पंजाब किंग्स की टीम बस का है। इसे कथित तौर पर अर्शदीप सिंह की स्नैपचैट स्टोरी पर अपलोड किया गया था।
प्रियांश को चिढ़ाते नजर आए
वीडियो में प्रियांश आर्य अपने साथी खिलाड़ी हरप्रीत बराड़ के साथ बस के पीछे बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, अर्शदीप कैमरे पर दिखाई नहीं दे रहे हैं, लेकिन फैंस ने उनकी आवाज पहचान ली। क्लिप में अर्शदीप सिंह को प्रियांश आर्य की मुस्कान को लेकर उन्हें चिढ़ाते हुए सुना जा सकता है। उन्हें “कितने प्यारे हो यार! अपनी मुस्कान दिखाओ। अपने दांत दिखाओ” कहते हुए सुना जा सकता है।
तिलक को कहा था अंधेरा
वीडियो में प्रियांश आर्य कैमरे से नजरें हटाकर फोन पर बात करते हुए दिख रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स उनकी बॉडी लैंग्वेज पर ध्यान दे रहे हैं और चर्चा कर रहे हैं कि क्या उनकी हंसी-मजाक हद से ज्यादा थी। इससे पहले तिलक वर्मा से जुड़ी एक वायरल वीडियो के कारण अर्शदीप सिंह की आलोचना हुई थी। उस वीडियो में पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप तिलक को संबोधित करते हुए “ओये अंधेरे” कहते हुए सुनाई दिए थे, जिसके बाद कुछ फैंस भड़क गए थे।
फैंस को दिया था जवाब
अर्शदीप उस समय भी चर्चा में आए जब उन्होंने सोशल मीडिया पर एक फैन को करारा जवाब दिया, जिसने सुझाव दिया था कि पंजाब किंग्स को अपने फ्रेंचाइजी नाम से “पंजाब” हटा देना चाहिए। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने जवाब दिया कि वह उन लोगों की सलाह नहीं ले सकते जो चिप्स और कोल्ड ड्रिंक्स खरीदने के लिए भी अपने परिवार से पैसे मांगते हैं।
6 हार का सामना करना पड़ा
पंजाब किंग्स मैदान पर मुश्किल दौर से गुजर रही है। फ्रेंचाइजी को लगातार छह हार का सामना करना पड़ा है, जिससे प्लेऑफ में पहुंचने की उनकी उम्मीदें लगभग खत्म हो गई हैं। प्लेऑफ में बने रहने के लिए पंजाब किंग्स को अब अपने आखिरी लीग मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को हराना होगा। इसके अलावा अन्य टीमों के रिजल्ट पर भी निर्भर रहना होगा।



