वैभव सूर्यवंशी के लिए टीम इंडिया ने बनाया मास्टरप्लान
भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर ईशान किशन का कहना है कि वे वैभव के भाई जैसे हैं और उनका काम है कि उसे भटकने न दें। किशन ने इसका भी खुलासा किया कि कैसे टीम मैनेजमेंट और साथी खिलाड़ी सूर्यवंशी को गलत राह पर न जाने से बचाते हैं। वैभव ने मात्र 15 साल की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया।
इंग्लैंड के खिलाफ अपने करियर के पहले तीन मैचों में सूर्यवंशी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके, जिसके बाद उन्हें चौथे मैच से बाहर कर दिया गया। एक युवा बैटर को इस तरह से बाहर करना उसके आत्मविश्वास पर असर पहुंचा सकता था। हालांकि, किशन ने खुलासा किया है कि पूरी टीम कोशिश करती है कि वो इन सब चीजों के बारे में न सोचे और बस क्रिकेट पर ध्यान दे।
वैभव सूर्यवंशी को लेकर बोले ईशान किशन
जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे मैच में जीत के बाद किशन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यवंशी को लेकर बात की। उनका ये जवाब तब आया, जब उनसे पूछा गया कि टीम में सीनियर खिलाड़ी 15 साल के प्लेयर के लंबे करियर के बारे में कैसे बात करते हैं? उन्होंने कहा, “वैभव बहुत ही स्मार्ट है। उसे पता है कि वो क्या कर रहा है और उसे बैटिंग कैसे करनी है। उसे मैदान पर कैसे रहना है और मैदान के बाहर कैसे रहना है। आपके फ्रेंड सर्कल की वजह से भी कुछ परेशानी हो सकती है। मैं भी उसी बैकग्राउंड से हूं और इस वजह से पता है कि जब आप इंडिया के लिए खेल रहे हों, तो आपको किस पर फोकस करना है।”
विकेटकीपर बल्लेबाज ने आगे कहा, “मैं, अभिषेक, अक्षर भाई और टीम में जितने भी खिलाड़ी हैं, सभी यही चाहते हैं कि वो क्रिकेट के बारे में सोचे। उसे ये नहीं सोचना चाहिए कि सोशल मीडिया पर क्या चल रहा है। अगर उससे रन नहीं बन रहा है, तो वो अपनी बॉडी लैंग्वेज न गिरने दे। हम सभी यही पक्का करते हैं कि वो क्रिकेट के अलावा किसी और चीज को लेकर सोच में न पड़े।”
आप कभी नहीं चाहेंगे वो गलत वजहों से भटके: ईशान
ईशान ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, “जब आपके पास टीम में ऐसा प्लेयर हो और वो बहुत छोटा हो तो आप नहीं चाहेंगे कि वो गलत वजहों से भटके। एक टीममेट के तौर पर और क्योंकि मैं उसके भाई जैसा हूं, तो पक्का करना हमारा काम है कि वो उन गलतियों को न दोहराए, जो हमने अपने शुरुआती में दिनों में दोहराई थी।”




