खेल

सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटाने पर अश्विन ने BCCI को याद दिलाए उसूल

 आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे के लिए शनिवार को जब टीम इंडिया का एलान हुआ तब हर किसी को एक बात से हैरानी हुई। भारत को टी20 वर्ल्ड कप-2026 का खिताब दिलाने वाले सूर्यकुमार यादव के हाथों से कप्तानी तो गई ही साथ ही टीम में से जगह भी चली गई। ये बात कई लोगों को नगवार गुजरी और आर अश्विन उनमें से ही एक हैं।

अश्विन ने सूर्यकुमार को हटाने पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को जमकर सुनाई है और उसे उसूलों की याद दिलाई है। अश्विन ने कहा है कि वह सेलेक्शन कमेटी के फैसले से हैरान हैं।

ऐतिहासिक दिन

अश्विन ने इसे भारतीय क्रिकेट में ऐतिहासिक दिन बताया है और कहा है कि आगे की सोच के साथ जो फैसले लिए गए हैं उन्हें हमेशा के लिए याद रखा जाएगा। अश्विन ने ईएसपीएनक्रिकइंफो से बात करते हुए कहा, “मुझे लगता है कि ये काफी रोचक मिसाल पेश की गई है। ये पूरी प्रक्रिया जिस तरह से की गई है वो हैरान करने वाली है। मैं इसे लेकर थोड़ा भयभीत सा हूं।”

अश्विन ने आगे कहा, “मुझे कोई शक नहीं है, लेकिन ये सेलेक्शन के मामले ऐतिहासिक दिन है। क्योंकि आगे कुछ होगा तो फिर ये दिन एक मिसाल के तौर पर याद किया जाएगा।”

टीम के कुछ उसूल होते हैं

अश्विन ने कहा है कि टीम के कुछ उसूल होते हैं। उन्होंने अक्षर पटेल को उप-कप्तानी से हटाए जाने पर भी सवाल उठाए हैं। अश्विन ने कहा, “हाल ही में श्रेयस अय्यर को लेकर हमारी बात हुई थी कि उन्हें टी20 टीम में होना चाहिए। मैं इस बात को मानता हूं। लेकिन अगर मैं वर्ल्ड कप जीतने वाली 14 सदस्यीय टीम का हिस्सा होता तो सोचता कि हम लंबे समय से खेल रहे हैं। क्या हमने ऐसा कुछ नहीं किया कि हमें कप्तानी के लिए चुना जाए?”

अश्विन ने कहा, “एक चीज जो श्रेयस अय्यर के पक्ष में रही है कि उन्होंने कोलकाता को आईपीएल खिताब दिलाया। मैं उनकी कप्तानी पर सवाल खड़े नहीं कर रहा हूं। उनके पास काफी सारी रणनीति होती है, लेकिन टीम के भी कुछ उसूल होते हैं। अक्षर पटेल टीम के उप-कप्तान को लेकर बड़ी पसंद थे। ऐसे में अगर उप-कप्तान अगर कप्तानी के लिए नहीं चुना जा रहा है तो हमें बार-बार सवाल करने होंगे।”

Related Articles

Back to top button