खेल

फाइनल के लिए आखिरी जंग आज, क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स की टक्‍कर

आईपीएल-2026 में प्लेऑफ का रोमांच चरम पर है और अब फाइनल के लिए बस आखिरी लड़ाई बाकी है। न्यू चंडीगढ़ के मैदान पर शुक्रवार को गुजरात टाइटंस का सामना राजस्थान रायल्स से होगा। इस मैच में जीतने वाली टीम को फाइनल का टिकट मिल जाएगा। जीतने वाली टीम फाइनल में 31 मई को आरसीबी से भिड़ेगी।

गुजरात टाइटंस पहले क्वालिफायर मुकाबले में आरसीबी के हाथों बुरी तरह हार गई थी। जिस वजह से उन्हें अब क्वालिफायर-2 खेलना पड़ रहा है। वहीं, राजस्थान रॉयल्स की टीम एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शानदार अंदाज में जीत हासिल कर इस स्टेज तक पहुंची है। ऐसे में राजस्थान रॉयल्स के हौंसले काफी बुलंद हैं।

राजस्थान की टीम इस समय काफी मजबूत नजर आ रही है। वैभव सूर्यवंशी के रूप में उनके पास धमाकेदार ओपनर है जो किसी भी वक्त दूसरी टीम के गेंदबाजों की लय बिगाड़ सकता है। वहीं, जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर जैसे घातक गेंदबाज भी उनके पास हैं।

वहीं, गुजरात की बल्लेबाजी भी कम नहीं है, हालांकि पिछले मैच में टीम बिखर गई थी, लेकिन उनके पास जो बल्लेबाज हैं वह कभी भी वापसी कर सकते हैं। टीम के पास कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज जैसे अनुभवी तेज गेंदबाज भी हैं जबकि मिस्ट्री स्पिनर राशिद खान भी मैच का पासा पलटने में सक्षम हैं।

शुभमन गिल को लेनी होगी जिम्मेदारी

गुजरात के कप्तान शुभमन गिल बल्ले से तो खूब रन बना रहे हैं, लेकिन जब उनके सामने बड़ी जिम्मेदारी होती है, वह दबाव ले जाते हैं। धर्मशाला में खेले गए पहले क्वालिफायर मुकाबले में जब टीम संकट में थी तो गिल महज दो रन बनाकर भुवनेश्वर की गेंद पर गैर जिम्मेदार तरीके से शॉट खेलकर बोल्ड हो गए थे।

पिछले सीजन भी उनकी कप्तानी में गुजरात प्लेऑफ में पहुंची थी। तब एलिमिनेटर मुकाबले में कप्तान गिल केवल एक रन बनाकर अहम मौके पर विकेट दे बैठे थे। अब टीम के सामने बड़ी चुनौती है। इस मैच में हार मिली तो उन्हें बाहर का रास्ता देखना पड़ेगा।

वैभव पर देशभर की नजरें

पिछले मुकाबले में ऐतिहासिक पारी खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी पर इस समय पूरे देश की नजरें हैं। उनमें भविष्य का सितारा देखा जा रहा है। देश-दुनिया के बड़े व नामी खिलाड़ी भी उनकी तारीफों के पुल बांध रहे हैं। राजस्थान रायल्स को उनके इस मुकाबले में भी ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीदें होंगी। वहीं, गुजरात के गेंदबाज उन्हें आउट करने के लिए अलग प्लानिंग पर काम कर रहे हैं।

प्लेऑफ में पलड़ा गुजरात का भारी

दोनों टीमें अब तक दो बार प्लेऑफ में भिड़ चुकी हैं और दोनों बार गुजरात ने राजस्थान को मात दी है। वर्ष 2022 में गुजरात और राजस्थान की टीमें अंक तालिका में शीर्ष पर रही थीं। तब उनके बीच क्वालिफायर मुकाबला खेला गया था जिसमें गुजरात विजयी रहा था। फिर दोनों टीमें उसी सीजन फाइनल में पहुंची जहां हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस ने राजस्थान को हराकर पहली बार खिताब जीता था। ऐसे में राजस्थान की नजरें उस हार का बदला पूरा करने पर भी होंगी।

Related Articles

Back to top button