इंग्लैंड का कोच बनने के बाद स्टीफन फ्लेमिंग को मिली ‘चेतावनी’
लंबे समय तक चेन्नई सुपर किंग्स के साथ आईपीएल में काम करने वाले स्टीफन फ्लेमिंग को अब इंग्लैंड की टेस्ट टीम का कोच बनाया गया है। फ्लेमिंग इस साल के अंत से ये जिम्मेदारी संभालेंगे। इंग्लैंड का कोच बनने की पुष्टि के बाद फ्लेमिंग को चेतावनी भी मिल गई है। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने फ्लेमिंग को शांत लहजे में एक कमी से आगाह कर दिया है।
फ्लेमिंग आईपीएल में एमएस धोनी के साथ लंबे समय तक काम कर चुके हैं। उनकी और धोनी की जोड़ी ने चेन्नई को पांच बार आईपीएल का खिताब दिलाया। हालांकि, बीते दो सीजनों में टीम ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया और फिर फ्रेंचाइजी ने फ्लेमिंग से अपना दामन छुड़ा लिया।
फ्लेमिंग की है इज्जत
वॉन ने टेलीग्राफ में लिखा है कि फ्लेमिंग शानदार कोच हैं और उनकी हर कोई इज्जत करता है, लेकिन इंग्लैंड के पास एमएस धोनी जैसा कप्तान नहीं है। उन्होंने कहा, “फ्लेमिंग की काफी इज्जत है। वह एक बेहतरीन मैन मैनेजर और रणनीतिकार के तौर पर जाने जाते हैं। मैंने उन्हें आईपीएल में देखा है। इंग्लिश क्रिकेट में उन्हें एक समस्या का सामना करना पड़ सकता है और वो ये है कि हमारे पास कप्तानी करने के लिए एमएस धोनी नहीं हैं।”
उन्होंने लिखा, “धोनी चेन्नई में जहाज को अच्छे से चलते थे और फ्लेमिंग के पास अच्छा सपोर्ट स्टाफ भी था। एरिक सिमंस शानदार गेंदबाजी कोच थे। वह सफेद गेंद को स्विंग करने के मास्टर थे। मुझे हैरानी है कि क्या ये संकेत है कि हमारी गेंदबाजी की ये स्किल बाहर निकलकर आएगी या फिर हम तेजी पर ही निर्भर करेंगे।”
ब्रेंडन मैकुलम की हुई छुट्टी
फ्लेमिंग अपने ही देश यानी न्यूजीलैंड के ब्रेंडन मैकुलम को इंग्लैंड टेस्ट टीम के कोच के तौर पर रिप्लेस करेंगे। साल 2022 से मैकुलम इंग्लैंड के कोच की भूमिका निभा रहे थे। हालांकि, पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए वह टीम के साथ नहीं होंगे। इस सीरीज में अंतरिम कोच मार्कस ट्रैस्कोथिक टीम की जिम्मेदारी संभालेंगे। फ्लेमिंग टीम के साउथ अफ्रीका दौरे से टीम की जिम्मेदारी संभालेंगे।




