श्रेयस अय्यर बनेंगे भारत के नए टी20 कप्तान, सूर्यकुमार यादव की होगी छुट्टी
भारत को हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप-2026 का खिताब दिलाने वाले सूर्यकुमार यादव की कप्तानी जा सकती है। बहुत संभावना है कि उनकी टीम से भी छुट्टी हो जाए और इसका कारण उनका लगातार खराब फॉर्म है। ऐसे में सेलेक्टर्स नए कप्तान के रूप में श्रेयस अय्यर को चुन सकते हैं।
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, आईपीएल-2026 के बाद जब सेलेक्शन कमेटी टी20 टीम को चुनने बैठेगी तो अय्यर को कप्तान बनाए जाने का फैसला किया जा सकता है।
आयरलैंड दौरे पर दिख सकता है असर
रिपोर्ट के मुताबिक, सेलेक्टर्स सूर्यकुमार की लगातार खराब फॉर्म के कारण परेशान हो गए हैं और वह अगली टी20 वर्ल्ड कप साइकिल में कुछ नयापन चाहते हैं। भारत की टी20 की नई साइकिल आयरलैंड दौरे से शुरू होगी और इसके लिए अय्यर की न सिर्फ टीम में वापसी हो सकती है बल्कि वह कप्तान भी बनाए जा सकते हैं। भारत इस समय 2028 वर्ल्ड कप और ओलंपिक-2028 तक अपने व्यस्त टी20 कैलेंडर को देख रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, सूर्यकुमार की कप्तानी के दिन खत्म हो गए हैं और ये देखना होगा कि वह बतौर बल्लेबाज टीम की योजना में रहते हैं या नहीं। सूर्यकुमार ने तो अगले दो साल तक कप्तान बने रहने की इच्छा जाहिर की है, लेकिन उनकी खराब फॉर्म इसके आड़े आ सकती है।
इसलिए अय्यर का नाम आगे
अय्यर अभी भारत की टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं। वह लंबे समय से टीम से बाहर हैं, लेकिन अगर उनकी टीम में सीधे बतौर कप्तान एंट्री होती है तो इसके पीछे की वजह आईपीएल में उनकी शानदार कप्तानी और बल्लेबाजी होगी। अय्यर की कप्तानी में दिल्ली फ्रेंचाइजी ने साल 2020 में अपना पहला फाइनल खेला। इसके बाद वह कोलकाता नाइट राइडर्स में गए और फ्रेंचाइजी को 2024 में खिताब दिलाया। पिछले साल उनकी कप्तानी में ही पंजाब किंग्स ने 10 साल बाद फाइनल खेला था। इस सीजन भी वह पंजाब की कप्तानी अच्छे से कर रहे हैं और जमकर रन भी बना रहे हैं।
भारत को दिलाया वर्ल्ड कप
सूर्यकुमार की कप्तानी में भारत ने इसी साल टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया और रिकॉर्ड बनाया। भारत ने साल 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप जीता था और सूर्यकुमार की कप्तानी में इसका बचाव किया। इसी के साथ भारत लगातार दो टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन गई है। ये वर्ल्ड कप भारत में ही हुआ था और श्रीलंका इसका संयुक्त मेजबान था। ऐसे में भारत मेजबान के तौर पर टी20 वर्ल्ड कप जीत


