खेल

मुश्किल में फंसी श्रीलंका के लिए आई एक और बुरी खबर, दिग्गज बल्लेबाज हुआ चोटिल

भारत के खिलाफ गॉल में खेले जा रहे टेस्ट मैच में मुश्किल में फंसी मेजबान श्रीलंका के लिए परेशानियां कम नहीं हो रही हैं। मैच के चौथे दिन मंगलवार को उसका एक दिग्गज बल्लेबाज चोटिल हो गया जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बल्लेबाज का नाम है दिनेश चंडीमल।

चंडीमल को चौथे दिन चौथे ओवर के अंत में फील्डिंग करने के दौरान चोट लग गई थी। उन्होंने बाउंड्री रोकने की कोशिश की और डाइव लगाई। इस दौरान उनका कंधा और गर्दन चोटिल हो गया।

ले जाया गया अस्पताल

चंडीमल को काफी चोट लगी थी और ये बात उनके चेहरे को देखकर पता चल रही थी। वह दर्द से तड़प रहे थे। फिजियो मैदान पर आए और कुछ देर देखने के बाद उन्हें बाहर ले गए। इसके बाद श्रीलंका क्रिकेट ने बताया है कि ड्रेसिंग रूम में आने के बाद फिजियोथैरेपिस्ट और डॉक्टर ने उनको देखा और फिर अस्पताल ले जाया गया जहां पर उनका स्कैन होगा।

बोर्ड ने बताया कि उनके बारे में बाकी की जानकारी स्कैन के बाद मिलेगी। श्रीलंकाई टीम उम्मीद करेगी कि चंडीमल की चोट ज्यादा गंभीर न हो और वह बल्लेबाजी के लिए उपलब्ध रहें। वह टीम के अनुभवी और मुख्य बल्लेबाजों में शुमार हैं।

भारत ने बनाई मजबूत बढ़त

भारत ने पहली पारी में 462 रन बनाए थे और मेजबान टीम अपनी पहली पारी में महज 284 रनों पर ही ढेर हो गई थी। टीम इंडिया दूसरी पारी में 178 रनों की बढ़त के साथ उतरी थी। उसने अब अपनी बढ़त को 250 के पार पहुंचा दिया है।

Related Articles

Back to top button