नीदरलैंड्स क्रिकेट में बड़ा बदलाव: स्कॉट एडवर्ड्स ने अचानक छोड़ी कप्तानी
स्कॉट एडवर्ड्स ने नीदरलैंड्स क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ दी है। उन्होंने 56 वनडे इंटरनेशनल मुकाबलों में टीम की कप्तानी की। एडवर्ड्स की जगह पर ऑलराउंडर बास डी लीडे आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप लीग-2 कैंपेन के बाकी मैचों के लिए टीम की कमान संभालेंगे।
यूट्रेक्ट में लीग 2 के मैच खत्म होने के बाद एडवर्ड्स ने अपनी टीम के साथियों को अपने फैसले के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि अब लीडरशिप की भूमिका छोड़ने और एक खिलाड़ी के तौर पर बड़ी भूमिका निभाने पर ध्यान देने का सही समय है।
रायल डच क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा जारी एक वीडियो में एडवर्ड्स ने अपनी टीम के साथियों से कहा कि मुझे खेद है कि मैं आप लोगों के सामने यह बात अचानक रख रहा हूं, लेकिन मैं अब से कप्तान का पद छोड़ रहा हूं। मेरा मानना है कि यह एक ऐसा मामला है जिस पर रयान कुक और मैंने बात की है और मैंने कई अन्य लोगों से भी इस बारे में चर्चा की है और अब मुझे यह सही समय लग रहा है।



