कप्तानी में ‘उस्ताद’ Ajinkya Rahane रहे ‘साइलेंट किलर’, रिकॉर्ड ऐसा कि धोनी-कोहली जैसे दिग्गज पिछड़े
भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया। रहाणे ने एक वीडियो जारी करके अपने संन्यास की घोषणा की, जिसमें वो बेहद भावुक नजर आए। 38 साल के रहाणे ने 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 इंटरनेशनल मैचों में टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व किया।
मुंबई के अजिंक्य रहाणे ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला था। रहाणे उन दुर्भाग्यशाली भारतीय क्रिकेटरों के क्लब का हिस्सा बने, जिन्हें एक अच्छी विदाई नहीं मिल सकी। बहरहाल, रहाणे का करियर बेहद शानदार रहा और उनकी कप्तानी तो बेजोड़ रही।
कप्तानी में उस्ताद
रहाणे अपने शांत स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। हालांकि, भारतीय टीम की कप्तानी करते समय उन्होंने ‘साइलेंट किलर’ की भूमिका निभाई और टीम को अपार सफलता दिलाई। ‘जिंक्स’ नाम से मशहूर रहाणे ने 11 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत का नेतृत्व किया और केवल एक शिकस्त सही। रहाणे भारतीय कप्तानी के मामले में उस्ताद रहे। उनके रिकॉर्ड से पार पाना किसी भारतीय के लिए बेहद मुश्किल है।
रहाणे की कप्तानी में भारत के नतीजे
रहाणे उन कुछ ही चुनिंदा कप्तानों में हैं, जिन्होंने सभी फॉर्मेट में भारतीय टीम का नेतृत्व किया। मुंबई के इस क्रिकेटर के नेतृत्व में टीम इंडिया कोई टेस्ट नहीं हारी। रहाणे की अगुआई में भारत ने 6 टेस्ट खेले और 4 में जीत दर्ज की। 2 मुकाबले ड्रॉ भी रहे। 5 या उससे अधिक टेस्ट मैचों में भारत की कप्तानी करने वाले सभी कप्तानों में रहाणे का रिकॉर्ड सबसे अच्छा है।
विराट कोहली, रोहित शर्मा और एमएस धोनी जैसे दिग्गज भी वह उपलब्धि हासिल नहीं कर पाए जो रहाणे ने हासिल की। उन्होंने तीन वनडे मैचों में भारत की कमान संभाली और सभी मैच जीते। टी20I में रहाणे ने 2 मैच में टीम की अगुवाई की। इस दौरान भारत ने 1 मैच जीता और 1 में हार मिली।
रहाणे की कप्तानी में भारत का प्रदर्शन
जिम्बाब्वे के खिलाफ (वनडे): जीत (4 रन)
जिम्बाब्वे के खिलाफ (वनडे): जीत (62 रन)
जिम्बाब्वे के खिलाफ (वनडे): जीत (83 रन)
जिम्बाब्वे के खिलाफ (टी20I): जीत (54 रन)
जिम्बाब्वे के खिलाफ (टी20I): हार (10 रन)
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ (टेस्ट): जीत (8 विकेट)
बनाम अफगानिस्तान (टेस्ट): जीत (एक पारी और 262 रन)
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ (टेस्ट): जीत (8 विकेट)
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ (टेस्ट): ड्रॉ
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ (टेस्ट): जीत (3 विकेट से)
न्यूजीलैंड के खिलाफ (टेस्ट): ड्रॉ
ऑस्ट्रेलिया में जीती सीरीज
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2020-21 में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था। इस दौरान खेली गई 4 मैचों की टेस्ट सीरीज में रहाणे छा गए थे। एडिलेड में खेले गए पहले टेस्ट में भारत को 8 विकेट से हार मिली। दूसरी पारी में भारतीय टीम 36 रन पर सिमट गई। इसके बाद विराट कोहली पितृत्व अवकाश (Paternity Leave) लेकर भारत वापस लौट आए।
ऐसे में रहाणे ने टीम का नेतृत्व किया। मेलबर्न में खेले गए दूसरे टेस्ट में रहाणे ने शतक लगाया और सीरीज में भारत की वापसी कराई। भारत ने यह टेस्ट 8 विकेट से जीता। सिडनी टेस्ट ड्रॉ रहा और गाबा में हुए चौथे टेस्ट में भारत ने इतिहास रच दिया। 32 साल बाद ऑस्ट्रेलिया को इस मैदान पर हार मिली थी और गाबा का घमंड टूटा था। ऋषभ पंत ने नाबाद 89 रन की पारी खेली थी। भारत ने सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया था।


