ऑस्ट्रेलिया से नीदरलैंड्स तक, भारतीय मूल की इन ‘शेरनियों’ पर रहेंगी सबकी नजरें
महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 में एक बार फिर भारतीय टीम पर सबकी नजर रहने वाली है। आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड का आगाज 12 जून से होने जा रहा है, जिसका फाइनल मैच 5 जुलाई को खेला जाएगा। पिछले साल घर पर ODI वर्ल्ड कप जीतने के बाद हरमनप्रीत कौर की टीम से लोगों को काफी उम्मीदें हैं।
भारतीय टीम में हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा और ऋचा घोष जैसे मैच विनर खिलाड़ी शामिल हैं, जिनसे हर किसी को काफी उम्मीदें होगी।
बता दें कि टूर्नामेंट की तैयारी इंडिया ने वेस्टइंडीज को वॉर्म-अप मैच में हराकर शुरू कर दी है, लेकिन सिर्फ इंडिया ही नहीं, दूसरी टीमों में भी कई भारतीय मूल की खिलाड़ी हैं, जो इस टूर्नामेंट में अपनी टीमों के लिए कमाल का प्रदर्शन कर सकते हैं। ऐसे में जानते हैं इंग्लैंड और वेल्स में होने वाले इस टूर्नामेंट में कौन-कौन से भारतीय मूल की स्टार खिलाड़ियों पर नजरें रहेंगी।
Women’s T20 WC 2026 में भारतीय मूल की स्टार्स पर रहेंगी नजरें
अलाना किंग (ऑस्ट्रेलिया)
ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की लेग स्पिनर अलाना किंग का जन्म मेलबर्न में हुआ था और उनके माता-पिता शेरोन और लीरॉय किंग हैं। दोनों एंग्लो-इंडियन हैं और उनकी जड़े चेन्नई से जुड़ी हैं। उनके पिता 1980 के दशक में ऑस्ट्रेलिया शिफ्ट हो गए थे। किंग कई बार ये बता चुकी हैं कि उनकी जिंदगी और क्रिकेट दोनों पर भारतीय विरासत का बड़ा असर रहा है। वह कई बार परिवार से मिलने भारत आ चुकी हैं।
उनके परिवार का चेन्नई से जुड़ाव होने की वजह से उनका भारत में खेलना काफी खास अनुभव रहा है। साल 2022 में इंटरनेशनल डेब्यू करने वाली किंग अब ऑस्ट्रेलिया की सबसे अच्छी स्पिनरों में से एक बन गई हैं।
उन्होंने 2022 महिला ODI वर्ल्ड कप जीतने में ऑस्ट्रेलिया के लिए अहम रोल निभाया था। अब वह तीनों फॉर्मेट में टीम का हिस्सा हैं। 6 टेस्ट, 53 ODI और 30 T20 में वह 132 विकेट ले चुकी हैं। इसमें 4 बार 5 विकेट भी शामिल हैं। किंग सिर्फ गेंदबाज नहीं हैं, बल्ले से भी कमाल कर सकती हैं। पिछले साल महिला ODI वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 51 रन बनाकर उन्होंने ये दिखाया था।
नेन्सी पटेल (न्यूजीलैंड)
गुजरात के भरूच जिले के करमदी गांव में जन्मी नेंसि पटेल 6 साल की उम्र में परिवार के साथ न्यूजीलैंड शिफ्ट हो गई थीं। पिता हितेश पटेल ने उन्हें क्रिकेट सिखाने में बड़ा रोल निभाया। इस साल नेंसि न्यूजीलैंड महिला टीम के लिए खेलने वाली पहली भारतीय मूल की क्रिकेटर बनीं।7 ODI और 6 T20 में वह 14 विकेट ले चुकी हैं। वहीं, महिला T20 वर्ल्ड कप में वह न्यूजीलैंड के खिताब बचाने में अहम रोल निभा सकती हैं।
प्रियानाज चटर्जी (स्कॉटलैंड)
डंडी में जन्मी प्रियानाज चटर्जी बंगाली मूल की स्कॉटिश क्रिकेटर हैं। उनके पिता मनोजीत चटर्जी इकोनॉमिस्ट हैं। उन्होंने महज 6 साल की उम्र में क्रिकेट शुरू किया था। बल्ले और गेंद दोनों से कमाल करने वाली चटर्जी स्कॉटलैंड की सबसे अनुभवी ऑलराउंडर हैं। महिला टी20 वर्ल्ड कप में वह स्कॉटलैंड के लिए बड़ा उलटफेर कर सकती हैं।
सान्या खुराना (नीदरलैंड्स)
भारतीय मूल की सानिया खुराना नीदरलैंड्स महिला क्रिकेट की उभरती हुई खिलाड़ी हैं। 21 साल की सानिया ने टेनिस छोड़कर क्रिकेट चुना और नीदरलैंड्स को पहली बार T20 वर्ल्ड कप में पहुंचाने में मदद की थी। टॉप ऑर्डर बैटर सानिया ने 25 T20 में 177 रन बनाए हैं। वर्ल्ड कप क्वालिफायर में बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 43 रन उनकी बेस्ट पारी रही।



