बाबर, अफरीदी और रिजवान ड्रॉप, Asian Games के लिए पाकिस्तान की टीम का एलान
एशियन गेम्स 2026 के लिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम का एलान हो गया है। जापान में होने वाले इन एशियाई खेलों के लिए पाकिस्तान की टीम में दिग्गज खिलाड़ी मोहम्मद रिजवान, बाबर आजम, सलमान अली और शाहीन अफरीदी को जगह नहीं मिली है।
पाकिस्तान ने एकदम नई नवेली टीम चुनी है, जिसमें 4 खिलाड़ियों ने अभी तक टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू भी नहीं किया है। पाकिस्तान की टीम की कप्तानी युवा बैटर साहिबजादा फरहान को दी गई है, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन किया था। उनका डिप्टी अब्दुल समद को बनाया गया है।
Pakistan Squad: एशियन गेम्स के लिए पाकिस्तान स्क्वॉड का एलान
दरअसल, एशियन गेम्स 2026 का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्तूबर तक जापान में होना है, जिसके लिए पाकिस्तान की युवाओं से भरी टीम का एलान हुआ है। बहुत कम ऐसे खलाड़ी हैं, जिन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट का बहुत ज्यादा अनुभव है। 4 खिलाड़ी ऐसे भी पाकिस्तान की इस 15 सदस्यीय टीम का हिस्सा हैं, जिन्होंने अभी तक टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू नहीं किया है। आकिफ जावेद, अली रजा, माज सदाकत और साद मसूद का नाम इनमें शामिल हैं, जिन्हें देश के लिए प्रतिनिधित्व करने का मौका मिल सकता है।
Pakistan Squad Asian Games 2026: पाकिस्तान की टीम
साहिबजादा फरहान (कप्तान), अब्दुल समद (उप-कप्तान), अबरार अहमद, अहमद दानियाल, आकिफ जावेद, अली रजा, अराफात मिन्हास, हैदर अली, हसन नवाज, माज सदाकत, मोहम्मद सलमान मिर्जा, साद मसूद, सैम अयूब, सुफियान मोकीम और उस्मान खान (विकेटकीपर)
साहिबजादा फरहान बने पाकिस्तान के नए कप्तान
एशियन गेम्स से पहले साहिबजादा फरहान को पाकिस्तान का नया कप्तान बनाया है। फरहान ने अब तक पाकिस्तान के लिए 46 टी20 मैच खेले हैं, लेकिन उन्होंने कभी भी वनडे या टी20 में टीम की कप्तानी नहीं की है। वहीं समद ने सिर्फ 5 टी20 मैच खेले हैं और उन्होंने पिछले साल मार्च के बाद से टी20 फॉर्मेट में कोई मैच नहीं खेला।
हालांकि वो हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में टीम का हिस्सा थे। बता दें कि उस्मान खान को टीम का मुख्य विकेटकीपर चुना गया है। ये टीम इस साल की शुरुआत में हुए टी20 वर्ल्ड कप में खेली गई टीम से काफी अलग है। टीम के बड़े नाम जैसे सलमान अली आगा, बाबर आजम, शाहीन अफरीदी और शादाब खान को इस बार टीम में जगह नहीं मिली है।



