अच्छे प्रतिनिधि चुनेंगे तभी बढ़ेगा विकास, माफिया आए तो हड़प लेंगे हक: बलरामपुर में गरजे CM योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि चुनाव में अच्छे लोगों को चुनना चाहिए, क्योंकि अच्छे प्रतिनिधियों के चयन से ही अच्छी सरकार बनती है और विकास व समृद्धि को गति मिलती है। मुख्यमंत्री ने बलरामपुर जिले के तुलसीपुर विधानसभा क्षेत्र के मधपुर में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अगर गलत लोग या माफिया सत्ता में आते हैं तो वे विकास निधि का दुरुपयोग करते हैं और भूमि पर कब्जा कर लेते हैं। उन्होंने कहा कि जब लोग अच्छे प्रतिनिधियों को चुनते हैं तो विकास आगे बढ़ता है, लेकिन अगर माफियाओं को चुनते हैं तो वे विकास निधि को हड़प लेते हैं और संपत्तियों पर कब्जा कर लेते हैं।
योग्य जनप्रतिनिधियों से ही विकास संभव: CM योगी
मुख्यमंत्री ने माफियाओं, जातिवादी राजनीति और वंशवाद पर निशाना साधते हुए कहा कि विकास तभी संभव है जब लोग योग्य व ईमानदार प्रतिनिधियों का चयन करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और उनके अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाकर भूमि को गरीबों के हित में उपयोग किया जा रहा है। योगी ने कहा कि पहले विकास कुछ क्षेत्रों या परिवारों तक सीमित था और नौकरियां सिफारिशों के आधार पर मिलती थीं। उन्होंने दावा किया कि 2017 के बाद डबल इंजन सरकार के आने से विकास कार्यों में तेजी आई है और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव सभी पात्र लोगों तक पहुंच रहा है।
पारदर्शी कल्याणकारी योजनाएं और सख्त कानून-व्यवस्था बना UP की नई पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने मुफ्त राशन, आवास, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य कल्याणकारी योजनाओं को पारदर्शी तरीके से लागू किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है और अपराध के प्रति सरकार की नीति किसी प्रकार की कोई नरमी नहीं बरतने की है। योगी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश अब विकास, निवेश और रोजगार के अवसरों के लिए पहचाना जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार बुनियादी ढांचे और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है, जिसमें सड़कें, मेडिकल कॉलेज और पॉलिटेक्निक संस्थानों का विस्तार शामिल है।



