IPL 2026: फाइनल से पहले विजय माल्या ने कन्नड़ में किया पोस्ट
73 मैच और 65 दिन बाद इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का कारवां अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। आज यानी रविवार, 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 19वें सीजन का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। निर्णायक मुकाबले में गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की जंग गुजरात टाइटंस से होगी।
माल्या ने शेयर की पोस्ट
फाइनल मैच से पहले आरसीबी के पूर्व मालिक विजय माल्या ने एक्स पर फ्रेंचाइजी के लिए एक खास मैसेज शेयर किया है। इस संदेश ने आरसीबी फैंस को उत्साह में चार चांद लगा दिए हैं। विजया माल्या ने एक्स पर लिखा, ‘आरसीबी – नम्मा डोड्डा सिम्हागलु (हमारे बड़े शेर) यह गौरव पाने की ओर आपका अंतिम कदम है, जिसे आप पहले ही हासिल कर चुके हैं। बेंगलुरु के हमारे शेरों ने आईपीएल फाइनल तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत की। अब ट्रॉफी जीतने के लिए एक और जोरदार दहाड़ लगाइए। शुभकामनाएं, ईश्वर आपका भला करे और बेंगलुरु के शेरों के रूप में पहले से कहीं अधिक बुलंद दहाड़ लगाइए।
दूसरे खिताब पर दोनों टीमों की नजर
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस में से जो भी टीम आईपीएल 2026 का फाइनल जीतेगी, यह उसका दूसरा खिताब होगा। 2022 में डेब्यू सीजन में गुजरात ने खिताब पर कब्जा जमाया था। तब हार्दिक पांड्या गुजरात के कप्तान थे। फाइनल में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से मात दी थी।
दूसरी ओर बेंगलुरु ने सालों का सूखा खत्म करते हुए पिछले सीजन का खिताब अपने नाम किया था। अब आरसीबी के पास बैक टू बैक ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचने का मौका है। आईपीएल इतिहास में अब तक दो टीमों ने ही बैक टू बैक ट्रॉफी जीती हैं। इससे पहले मुंबई इंडियंस (2019, 2020) और चेन्नई सुपर किंग्स (2010, 2011) ने लगातार 2 सीजन ट्रॉफी जीती हैं।



