‘सिर्फ क्रिकेट की बात करते हैं’, लाइव मैच में गुजरात के डायरेक्टर ने हर्षा भोगले का मुंह किया बंद
गुजरात टाइटंस के डायरेक्टर विक्रम सोलंकी ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान मशहूर कमेंटेटर हर्षा भोगले से बात करते हुए ऐसा बयान दिया है जो इस समय चर्चा का विषय बना हुआ है। इकाना स्टेडियम में खेले गए इस मैच में गुजरात ने आसानी से जीत हासिल की।
लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट खोकर 164 रन बनाए। गुजरात ने 18.4 ओवरों में तीन विकेट खोकर ये टारगेट हासिल कर लिया। ये गुजरात की इस सीजन की दूसरी जीत है।
सोलंकी ने दिया दो टूक जवाब
पारी के बीच में ब्रॉडकास्टर टीम के सपोर्ट स्टाफ का इंटरव्यू करते हैं। भोगले इसी तरह से सोलंकी का इंटरव्यू ले रहे थे। तभी उन्होंने सोलंकी से उनके 50वां जन्मदिन और उनके अभी तक जवान लगने के बारे में पूछा। इस पर सोलंकी ने जवाब दिया, “हर्षा आपके पास कुछ और मौके आएंगे जब आप मेरी तरफ से कुछ बाते रखेंगे। कैसा रहेगा कि हम क्रिकेट पर बने रहें और उन लोगों के बारे में बात करें जो इस समय मैदान पर हैं?”
भोगले ने इस पर हंसते हुए कहा, “हम बिल्कुल ऐसा करेंगे। हमारे साथ जुड़ने के लिए शुक्रिया।”
गिल और बटलर का चला बल्ला
जहां तक मैच की बात है तो इसमें गुजरात की टीम पूरी तरह से लखनऊ पर हावी रही। लखनऊ के बल्लेबाज उसके गेंदबाजों के सामने बड़ा स्कोर नहीं बना सके और 20 ओवरों में उसके हिस्से आठ विकेट खोकर 164 रन आए। इस लक्ष्य को गुजरात ने आसानी से 18.3 ओवरों में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया।
गुजरात के लिए कप्तान गिल ने 40 गेंदों का सामना कर छह चौके और एक छक्के की मदद से 56 रन बनाए। जोस बटलर ने उनका साथ दिया और 60 रनों की पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने 37 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके मारे लेकिन छक्का एक भी नहीं मारा।



