लखनऊ को हारा हुआ मैच जिताने के बाद मुकुल चौधरी पर मेहरबान हुए संजीव गोयनका, तोहफे में देंगे 4 करोड़ की कार
लखनऊ सुपरजायंट्स को हारा हुआ मैच जिताने वाले मुकुल चौधरी पर टीम के मालिक संजीव गोयनका मेहरबान हो गए हैं। मुकुल ने टीम को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच जिताया। इस मैच में कोलकाता की जीत लगभग तय लग रही थी, लेकिन मुकुल ने सारी बाजी पलट दी। उनकी पारी को देखते हुए संजीव गोयनका ने उनको खास तोहफा दिया है।
कोलकाता ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में चार विकेट खोकर 181 रन बनाए थे। लखनऊ ने 14.4 ओवरों में अपने छह विकेट 126 रनों पर ही खो दिए थे। यहां से लखनऊ की हार तय लग रही थी, लेकिन मुकुल ने 27 गेंदों पर 54 रनों की पारी खेल अपनी टीम को जीत दिलाई। इस पारी के दौरान उन्होंने दो चौके और सात छक्के मारे।
मुकुल को मिला तोहफा
संजीव गोयनका मुकुल की पारी से खुश दिखे। मैच के बाद उन्होंने मुकुल को गले लगाया और जमकर तारीफ की। अब संजीव ने मुकुल को एक खास तोहफा देने का एलान किया है। आईपीएल के मुताबिक, संजीव गोयनका ने मुकुल को मर्सिडीज बेंज मेबैक जीएलएस देने का फैसला किया है। इस कार की कीमत 4.10 करोड़ रुपये है। मुकुल को ये तोहफा मिलना बहुत बड़ी बात है। ये बताता कि उनकी पारी किस स्तर की थी।
मुकुल ने मुश्किल समय में एक छोर पर खड़े रहते हुए टीम को जीत दिलाई। उनकी ये पारी एकतरफा रही जिसने कोलकाता के मुंह से जीत छीन ली। इस पारी के बाद मुकुल अब लोगों की नजरों में आ गए हैं।
पिता को किया याद
मुकुल को उनकी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच के बाद उन्होंने अपने पिता को याद किया और कहा कि शादी से पहले ही उनके पिता ने ठान लिया था कि उनका बेटा क्रिकेटर बनेगा। मुकुल ने कहा कि उनके पिता ने उनके लिए काफी कुछ किया है और बेहद संघर्ष करते हुए उन्हें इस स्तर पर पहुंचाया है।


