खेल

 लगभग 10 महीने बाद टी-20 क्रिकेट में वापसी कर रहे हिटमैन ने साबित की क्लास

रोहित शर्मा भले ही टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, लेकिन मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में रविवार रात कोलकाता नाइटराइडर्स के विरुद्ध हुए आईपीएल मुकाबले में उन्होंने एक बार फिर साबित किया कि क्लास कभी पुरानी नहीं होती।

करीब 10 महीने बाद टी20 क्रिकेट में वापसी करने के बावजूद उन्होंने कोलकाता के विरुद्ध अपनी बल्लेबाजी से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। वर्षों के अनुभव के चलते हिटमैन के नाम से प्रख्यात रोहित के शॉट्स में वही पुरानी धार देखने को मिली। जैसे ही उन्हें शार्ट गेंद मिली, उन्होंने अपने ट्रेडमार्क पुल शॉट से गेंद को डीप मिडविकेट के पार पहुंचा दिया। भले ही गेंद बल्ले के बीच में नहीं लगी, लेकिन नतीजा छक्का ही रहा।

शुरुआत से आक्रामक नजर आए रोहित

मैच की शुरुआत से ही रोहित आक्रामक नजर आए। उन्होंने पहले वैभव अरोड़ा के विरुद्ध 87 मीटर लंबा छक्का जड़ा और फिर जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी की गेंद पर आगे बढ़कर शानदार शॉट खेला। हालांकि असली जलवा पांचवें ओवर में देखने को मिला, जब उन्होंने वरुण चक्रवर्ती के विरुद्ध एक ही ओवर में 15 रन बटोर दिए।

इस ओवर में रोहित ने इनसाइड आउट कवर ड्राइव, फ्लिक और शानदार टाइमिंग के साथ चौके-छक्के लगाए। खास बात यह रही कि इससे पहले वह चक्रवर्ती के विरुद्ध ज्यादा सफल नहीं रहे थे, लेकिन इस मैच में उन्होंने पूरी कहानी बदल दी।

23 गेंदों पर अर्धशतक पूरा

इसके बाद रोहित ने कार्तिक त्यागी की गेंद पर भी आक्रामक रुख जारी रखा और पावरप्ले के अंत तक सिर्फ 23 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया। यह उनके आईपीएल करियर का सबसे तेज अर्धशतक रहा और पहली बार उन्होंने पावरप्ले के अंदर 50 से ज्यादा स्कोर बनाया। रोहित की यह नई आक्रामक शैली उनके खेल में आए बदलाव को दर्शाती है। पिछले कुछ सीजन में उनकी स्ट्राइक रेट लगातार बढ़ी है। 2022 में 120.17 से लेकर 2024 में 150 और 2025 में लगभग 149 तक की स्ट्राइक रेट से उन्होंने बल्लेबाजी की है।

कोच ने की तारीफ

मुंबई इंडियंस के कोच महेला जयवर्धने ने भी रोहित की प्रशंसा करते हुए कहा कि अब उन पर कप्तानी का दबाव नहीं है, जिससे वह खुलकर खेल पा रहे हैं। उन्होंने कहा, अब रोहित ज्यादा शांत हैं और अपने खेल को पूरी स्वतंत्रता के साथ खेल रहे हैं। यह अनुभव और आत्मविश्वास का नतीजा है। रोहित ने इस मैच में 38 गेंदों पर 78 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें उन्होंने मैदान के चारों ओर शॉट्स लगाए।

वानखेड़े स्टेडियम में उनका यह प्रदर्शन खास रहा, जहां वह आईपीएल में 2500 से ज्यादा रन बना चुके हैं। रोहित के साथ-साथ विराट कोहली ने भी इस सीजन में शानदार शुरुआत की है, जो यह दर्शाता है कि अनुभव टी-20 क्रिकेट में कितनी अहम भूमिका निभाता है। कुल मिलाकर, रोहित शर्मा की यह पारी सिर्फ एक शानदार शुरुआत नहीं, बल्कि यह संकेत भी है कि वह इस सीजन में गेंदबाजों के लिए बड़ी चुनौती बनने वाले हैं।

Related Articles

Back to top button