खेल

द. अफ्रीका के खिलाफ सीरीज से पहले रणजी ट्रॉफी में खेलेंगे यशस्वी

भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले रणजी ट्रॉफी में खेल सकते हैं। यशस्वी मुंबई के लिए एक नवंबर से राजस्थान के खिलाफ होने वाले रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप डी मुकाबले में हिस्सा लेंगे। यशस्वी हाल ही में संपन्न हुई ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिली थी।

नवंबर में होनी है दक्षिण अफ्रीका से सीरीज

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 14 नवंबर से कोलकाता में दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा और यशस्वी इस चुनौती के लिए तैयार होना चाहते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, यशस्वी ने मुंबई के मुख्य चयनकर्ता संजय पाटिल को अपनी उपलब्धता की जानकारी दे दी है। यशस्वी ने जम्मू कश्मीर के खिलाफ आखिरी बार रणजी ट्रॉफी में हिस्सा लिया था। अगर यशस्वी इस मैच में खेलते हैं तो वह टीम में बरकरार रहने का फैसला करने के बाद अपना पहला मैच खेलेंगे। मालूम हो कि यशस्वी ने मुंबई टीम छोड़ने का फैसला किया था, लेकिन बाद में वह इससे पलट गए थे।

यशस्वी का घरेलू करियर

यशस्वी ने 2019 में डेब्यू करने के बाद से 46 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं जिसमें 56.50 के औसत से 4520 रन बनाए हैं जिसमें 16 शतक शामिल हैं। 2021-22 में रणजी ट्रॉफी का पूरा सत्र खेले यशस्वी ने तीन मैचों में 498 रन बनाए थे जिसमें छह पारियों में तीन शतक और एक अर्धशतक शामिल था। मुंबई को फाइनल में पहुंचाने में यशस्वी की भूमिका काफी अहम थी। इतना ही नहीं उन्होंने 33 लिस्ट ए मैच खेले हैं और 52.62 के औसत से 1526 रन बनाए हैं जिसमें पांच शतक शामिल हैं। टी20 में यशस्वी ने 33.05 के औसत और 149 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 3537 रन बनाए हैं जिसमें तीन शतक और 17 अर्धशतक शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button