न्यूजीलैंड सीरीज के बीच भारतीय खिलाड़ी का बड़ा फैसला
भारतीय क्रिकेट टीम इस समय न्यूजीलैंड दौरे पर है और टी20 सीरीज में हिस्सा ले रही है। इस बीच एक भारतीय खिलाड़ी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का एलान कर दिया। यह खिलाड़ी हैं महिला क्रिकेटर एस. मेघना। मेघना ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट कर अपने फैसले के बारे में बताया।
मेघना ने भारत के लिए तीन वनडे और 17 टी20 मैच खेले हैं। वनडे में उन्होंने 114 रन तो वहीं टी20 में 258 रन बनाए हैं। आंध्र प्रदेश की इस खिलाड़ी ने अपने शानदार सफर के लिए परिवार, दोस्तों, बीसीसीआई, साथी खिलाड़ियों को शुक्रिया कहा है। वह अब डब्ल्यूपीएल में भी खेलती हुई नजर नहीं आएंगी।
लिखी भावुक पोस्ट
मेघना ने अपनी पोस्ट में लिखा, “मैदान पर पहली बार बल्ला पकड़ते हुए वैश्विक मंच पर भारत की जर्सी पहनते हुए उतरना किसी सपने से कम नहीं था। मैं एक खिलाड़ी के तौर पर क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास का एलान करती हूं। मेरा परिवार जो मेरे अच्छे और बुरे समय में मेरे साथ खड़ा रहा उनको धन्यवाद। मेरे कोचेस, टीम की साथी, सपोर्ट स्टाफ, मुझे मेरा बेस्ट देने के लिए प्रेरित करने के लिए शुक्रिया। उन फैंस को भी शुक्रिया जिन्होंने हर एक दिन मेरा हौसला बढ़ाया।”
उन्होंने आगे लिखा, “मैं बीसीसीआई, आंध्र क्रिकेट संघ, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात जायंट्स, आरएसपीबी का सपोर्ट के लिए शुक्रिया अदा करती हूं। मुझे मौका और मंच देने के लिए शुक्रिया।”
शुरू कर सकती हैं नई पारी
मेघना 30 साल की हैं और भारत के अलावा डब्ल्यूपीएल में कुल 15 मैचों में हिस्सा ले चुकी थीं। इन मैचों में उन्होंने कुल 302 रन बनाए थे। हालांकि, अब वह कुछ नया करने के बारे में सोच सकती हैं। संन्यास लेने के बाद कई खिलाड़ियों को कमेंट्री और कोचिंग में जाते हुए देखा गया है। बहुत संभावना है कि मेघना भी यही करती हुई नजर आएं।



