ILT20 में दिखेगा अफगानी खिलाड़ियों का जलवा, 25 क्रिकेटर्स को मिला मौका
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) और अमीरात क्रिकेट बोर्ड (ECB) के बीच रणनीतिक साझेदारी के तहत अफगानिस्तान के कुल 25 खिलाड़ी डीपी वर्ल्ड आईएल टी-20 के पांचवें सत्र में छह फ्रेंचाइजी के लिए खेलेंगे। इन खिलाड़ियों में देश के कुछ प्रमुख अंतरराष्ट्रीय सितारों के साथ-साथ उभरते हुए खिलाड़ी भी शामिल हैं।
तेज गेंदबाज फजलहक फारूकी और बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज पांचवें सत्र की खिलाड़ी नीलामी में अफगानिस्तान के प्रमुख फगान खिलाड़ियों में शामिल रहे जो देश में टी-20 प्रतिभा की गहराई और स्तर को दर्शाता है।
एसीबी और ईसीबी के बीच हुए समझौते के तहत आईएल टी-20 की सभी छह फ्रेंचाइजी को अपनी टीम में अफगानिस्तान के कम से कम चार खिलाड़ियों को शामिल करना होगा। इसके अलावा पांचवें सत्र के खेल नियमों के तहत प्रत्येक टीम की अंतिम एकादश में अफगानिस्तान के कम से कम दो खिलाड़ियों को शामिल करना अनिवार्य है।
इससे पूरे टूर्नामेंट के दौरान अफगानिस्तान के क्रिकेटरों को लगातार खेलने के अवसर मिलेंगे। इस समझौते से अफगानिस्तान के खिलाड़ियों को दुनिया के शीर्ष टी-20 खिलाड़ियों के साथ खेलने और प्रतिष्ठित फ्रेंचाइजी प्रतियोगिता में बहुमूल्य अनुभव हासिल करने का मौका मिलेगा।



