मिचेल स्टार्क के 10 विकेटों के सामने बांग्लादेश ने टेके घुटने, ऑस्ट्रेलिया ने दो दिन में ही लिया हार का बदला
ऑस्ट्रेलिया क्यों लगातार विश्व चैंपियन का तमगा हासिल करता है। क्यों इस टीम को आज भी विश्व क्रिकेट की सबसे मजबूत और खतरनाक टीम माना जाता है ये उसने एक बार फिर बताया है। डारविन में बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को हरा उलटफेर किया तो कई सारे सवाल खड़े हुए, लेकिन मैके में दूसरे टेस्ट मैच में महज दो दिन में ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को बुरी तरह से हराया और बताया कि 22 गज की असली किंग यही टीम है।
महज दो दिन में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने ऐसा तांडव मचाया कि बांग्लादेश के बल्लेबाज एक भी पारी में 100 का आंकड़ा पार नहीं कर सके। ऑस्ट्रेलिया ने ये मैच पारी और 51 रनों से जीत लिया। इसी के साथ सीरीज में 1-1 की बराबरी भी कर ली।
स्टार्क ने फिर ढाया कहर
पहली पारी में बांग्लादेश ने महज 64 रन बनाए थे और मिचेल स्टार्क ने छह विकेट लेकर उसे तहस-नहस करने में अहम रोल निभाया था। दूसरी पारी में भी उन्होंने कमाल की गेंदबाजी की और चार विकेट लिए। उनके अलावा पैट कमिंस और नाथन लॉयन ने तीन-तीन विकेट लिए। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 210 रन बनाते हुए बांग्लादेश पर 146 रनों की बढ़त ले ली थी। बांग्लादेश दूसरी पारी में महज 95 रनों पर ढेर हो गई और पारी से मैच हार गई।
दूसरी पारी में उसके सिर्फ दो ही बल्लेबाज दहाई अंकों में जा सके। सबसे ज्यादा 31 रन नजमुल हुसैन शांतो ने बनाए। वहीं मुश्फिकुर रहीम 29 रन बनाकर नाबाद रहे।
शोरीफुल इस्लाम की मेहनत जाया
ऑस्ट्रेलिया ने दिन की शुरुआत अपनी पहली पारी के स्कोर आठ विकेट के नुकसान पर 165 रनों के साथ की थी। कैमरन ग्रीन ने 51 और नाथन लॉयन ने 10 रनों से अपनी पारी को आगे बढ़ाया। 186 के कुल स्कोर पर ग्रीन शोरीफुल इस्लाम का सातवां शिकार बने। उन्होंने 105 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से 67 रन बनाए।
नाथन और हेजलवुड ने टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। नाथन 32 रन बनाकर नाबाद रहे। उनकी इस पारी ने ऑस्ट्रेलिया की बढ़त को आगे ले जाने का काम किया। बांग्लादेश के लिए इस बढ़त से आगे निकलना नामुमकिन रहा।




