बड़ी टीम में मौका न मिलने से निराश महिला क्रिकेटर ने उठाया खौफनाक कदम
नागपुर में एक 17 साल की महिला क्रिकेटर ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि वह हायर लेवल टीम में चुने न जाने से परेशान थी। यह घटना गुरुवार सुबह बजाज नगर पुलिस स्टेशन इलाके के लक्ष्मी नगर में सामने आई। मृतक अदिति चौखंडे मूल रूप से अकोला की रहने वाली थी। नागपुर में अपनी मां और बड़े भाई के साथ रहती थीं। उसके पिता अकोला में सिविल कॉन्ट्रैक्टर का काम करते हैं।
12वीं कक्षा की परीक्षा पास की
अदिति ने हाल ही में 12वीं कक्षा की परीक्षा पास की थी। पुलिस के अनुसार, अदिति अपने बड़े भाई प्रबल के साथ क्रिकेटर बनने की ट्रेनिंग ले रही थी। प्रबल भी एक उभरते हुए खिलाड़ी हैं। बुधवार रात अपनी मां के साथ खाना खाने के बाद अदिति अपने कमरे में चली गई और कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसका भाई शहर से बाहर था।
सुसाइड नोट मिला
पुलिस ने बताया कि कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है। खबरों के मुताबिक, नोट में अदिति ने चुने न जाने पर अपनी निराशा जाहिर की और यह इच्छा जताई कि वह अपने माता-पिता का नाम रोशन करे। पुलिस के मुताबिक नोट में लिखा था, “दादा, तुम बहुत अच्छा खेलते हो। तुम बहुत बड़े खिलाड़ी बनोगे। हमारे माता-पिता का नाम रोशन करना। मुझे दुख है कि मेरा सेलेक्शन नहीं हो पाया।”
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीनियर इंस्पेक्टर चेतन चौहान ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि अदिति एक हायर लेवल टीम में सेलेक्शन न होने की वजह से परेशान थी। सीनियर इंस्पेक्टर चेतन चौहान ने कहा, “लगता है कि पीड़ित ने किसी बड़ी टीम में चुने न जाने से निराश होकर यह कठोर कदम उठाया है।” पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है और मामले की आगे जांच कर रही है।



