चार साल से टीम इंडिया से बाहर चल रहे गेंदबाज को लेकर अश्विन ने क्यों कही इतनी बड़ी बात?
भारत के पूर्व क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि अगले साल साउथ अफ्रीका में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में टीम इंडिया को भुवनेश्वर कुमार की जरूरत पड़ेगी और इसलिए उनका चयन टीम में होना चाहिए। भुवनेश्वर 2022 से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं।
दाएं हाथ के इस खिलाड़ी ने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है और इसी कारण उनकी टीम इंडिया में वापसी की आवाज उठ रही है। रविचंद्रन अश्विन इस फेहरिस्त में नया नाम हैं।
भुवनेश्वर को रखना चाहिए तैयार
अश्विन ने कहा कि साउथ अफ्रीका में टीम इंडिया को भुवनेश्वर कुमार जैसे गेंदबाज की जरूरत पड़ेगी और इसलिए सेलेक्टर्स को उन्हें तैयार रखना चाहिए। अश्विन से जब वनडे वर्ल्ड कप के लिए खिलाड़ियों के नाम पर कमेंट करने को कहा गया तो उन्होंने भुवनेश्वर कुमार के नाम पर हां कहा। इस पूर्व ऑफ स्पिनर ने कहा, “भुवनेश्वर कुमार के लिए हां। मैं उनसे बात करूंगा, मैं उनसे सभी टूर्नामेंट खेलने की कहूंगा- फर्स्ट क्लास, विजय हजारे ट्रॉफी, सब कुछ। साउथ अफ्रीका के लिए उन्हें उनके प्राइम में ले जाना चाहूंगा। मुझे लगता है कि हमें उनकी जरूरत पड़ेगी।”
आरसीबी की जीत में निभाई अहम भूमिका
भुवनेश्वर कुमार आईपीएल में आरसीबी के लिए खेलते हैं। उन्होंने अपनी धारदार गेंदबाजी से इस टीम को लगातार दो खिताब दिलाने में अहम रोल निभाया है। साल 2025 में आरसीबी ने अपना पहला आईपीएल जीता था। इस सीजन भुवनेश्वर कुमार ने 14 मैचों में 17 विकेट निकाले थे। वहीं 2026 सीजन में भुवनेश्वर ने 16 मैचों में 28 विकेट लिए थे।


