डेनी व्याट का शतक और केम्प की शानदार गेंदबाजी, इंग्लैंड ने श्रीलंका को दी करारी हार
डेनी व्याट के शानदार शतक और फिर गेंदबाज फ्रेया केम्प की घातक गेंदबाजी के दम पर इंग्लैंड ने आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप-2026 का विजयी आगाज किया है। अपने पहले मैच में इंग्लैंड ने शुक्रवार रात को श्रीलंका को 87 रनों से करारी शिकस्त दी है।
इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए एक विकेट खोकर 219 रन बनाए। जवाब में श्रीलंकाई टीम 20 ओवरों में 132 रनों पर ही ढेर हो गई।
इंग्लैंड की बल्लेबाजों का जलवा
डेनी व्याट ने एमी जोंस के साथ पारी की शुरुआत की और टीम को ठोस शुरुआत दिलाई। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 135 रनों की साझेदारी की। 14वें ओवर की चौथी गेंद पर मडारा ने जोंस को आउट कर इंग्लैंड को पहला झटका दिया। जोंस ने 38 गेंदों की अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का मारा। उनके बाद श्रीलंकाई टीम दूसरा विकेट नहीं ले सकी।
कप्तान नेट शिवर ब्रंट ने 22 गेंदों पर छह चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 46 रनों की पारी खेली।उन्होंने व्याट के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 84 रन जोड़े। व्याट ने 62 गेंदों पर 13 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 105 रन बनाए।
बिखर गई श्रीलंकाई टीम
इस विशाल स्कोर के सामने श्रीलंकाई टीम पूरी तरह से बिखर गई। उसको वो शुरुआत नहीं मिली जिसकी उसे जरूरत थी। विश्मी गुणारत्ने सिर्फ छह रन बनाकर आउट हो गईं। कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने भी निराश किया और वह सिर्फ चार रन ही बना सकीं। यहां से विकेट गिरने का जो सिलसिला शुरू हुआ वो रुका नहीं।
टीम की सिर्फ तीन बल्लेबाज दहाई के अंक में पहुंच सकीं। सबसे ज्यादा 39 रन निलाकशिखा सिल्वा ने बनाए। हर्षिता समाराविक्रमा ने 29 रनों की पारी खेली। हंसिमा करुणारत्ने ने 11 रन बनाए। इन तीनों के अलावा श्रीलंका की कोई और बल्लेबाज दहाई के अंक में नहीं जा सकी।
इंग्लैंड के लिए केम्प ने चार विकेट अपने नाम किए। चार्ली डीन और सोफी एक्लस्टन दो-दो विकेट लेने में सफल रहीं।



