खेल

बाबर-फरहान फ्लॉप, शादाब की जंग गई बेकार; ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान से हिसाब किया चुकता

पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल (ODI) सीरीज के दूसरे मैच में मेजबान पाकिस्तान को 41 रन से हार का सामना करना पड़ा है। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है और अब तीसरा और निर्णायक मुकाबला 4 जून को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा।

PAK vs AUS 2nd ODI: बाबर-सलमान फ्लॉप

दरअसल, पाकिस्तान की टीम को दूसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया ने 232 रन का टारगेट दिया था, जिसका पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम 200 रन का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकी और महज 190 रन पर सिमट गई। पाकिस्तान की ओर से बाबर आचम, सलमान अली आगा और साहिबजादा फरहान इस मैच में बुरी तरह फेस रहे। ऑस्ट्रेलिया के लिए नैथन एलिस ने कहर बरपा और कुल 4 विकेट लिए। उन्हें इस प्रदर्शन की वजह से प्लेयर ऑ द मैच से नवाजा गया।  

शादाब खान की पारी गई बेकार

मैच में पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। उन्होंने 4 रन के स्कोर पर पहला और 6 रन पर अपना दूसरा विकेट गंवाया। फिर 33 रन पर टीम को तीसरा झटका लगा और इस तरह 44 रन के स्कोर तक टीम के 4 विकेट गिर चुके थे। इसके बाद टीम की पारी संभल नहीं पाई  और लगातार विकेट गिरते चले गए। पाकिस्तान की ओर से ऑलराउंडर शादाब खान ने सबसे ज्यादा 71 रनों की जुझारू पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से किसी बल्लेबाज का साथ न मिलने के कारण उनकी यह पारी बेकार चली गई। इसके अलावा विकेटकीपर गाजी घोरी ने 37 और अराफात मिन्हास ने 33 रन बनाए। हालांकि, ये रन टीम को जीत दिलाने में काफी नहीं थे। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पाकिस्तान को 44 ओवर में 190 रन पर ही ढेर कर दिया।

नैथन एलिस चमके

ऑस्ट्रेलिया की तरफ से नैथन एलिस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए, जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। मैथ्यू शॉर्ट को 3 सफलताएं मिलीं, जबकि मैथ्यू कुहनेमन, एडम जैम्पा और तनवीर संघा को एक-एक विकेट मिला।

इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत भी खराब रही थी और पहली ही गेंद पर एलेक्स कैरी को शाहीन अफरीदी ने बोल्ड कर दिया था। हालांकि, कैमरन ग्रीन के 53 रन और कप्तान जोश इंग्लिस के 51 रनों की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 231 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से शाहीन अफरीदी ने 3 विकेट, जबकि हारिस राउफ, अराफात मिन्हास और माज सदाकत ने 2-2 विकेट लिए। 

Related Articles

Back to top button