खेल

हार के बाद टूट गए वैभव सूर्यवंशी, टोपी से सर छिपाकर खूब रोए

जिस चीज के लिए पूरी जान झोंक दो और वो न मिले तो रोना आता ही है। इंसान भावुक होता ही है। कुछ यही हाल हुआ 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का जब उनकी टीम राजस्थान रॉयल्स को आईपीएल-2026 के दूसरे क्वालिफायर में शुक्रवार को गुजरात टाइटंस के हाथों सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा।

इसी के साथ राजस्थान का दूसरा खिताब जीतने का सपना टूट गया। राजस्थान ने अभी तक अपना इकलौता आईपीएल साल 2008 में जीता था जब ये लीग शुरू हुई थी। वैभव पिछले साल से इस टीम में खेल रहे हैं। इस सीजन उन्होंने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए टीम को यहां तक पहुंचाया। गुजरात के खिलाफ भी उनका बल्ला चला, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

रोने लगे वैभव

गुजरात के खिलाफ राजस्थान जब मुश्किल स्थिति में थी तब वैभव ने एक छोर संभाले रखा और लड़ते रहे। उन्होंने 31 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया जो आईपीएल इतिहास का उनका सबसे धीमा अर्धशतक है। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 47 गेंदों पर आठ चौके और सात छक्कों की मदद से 96 रनों की पारी खेली। लेकिन अंत में उन्हें मायूसी मिली।

हार के बाद वैभव डग आउट में रोने लगे। एक बच्चा जिस तरह से अपनी पसंदीदा चीज के दूर जाने या न मिलने पर उदास होता है औऱ चुपचाप कोने में बैठकर रोता है, कुछ यही हाल वैभव का था। वह ऑरैंज कैप के लिए जरिए अपना मुंह छिपाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उनके आंसू फिर भी कैमरे में कैद हो गए। राजस्थान की टीम के खिलाड़ियों ने उन्हें ढांढस भी बांधा, लेकिन उनके आंसू रुके नहीं। वह कभी हाथों से अपने आंसू पोंछ रहे थे तो कभी पास में रखी तौलिया से। वैभव हार से टूटे हुए लग रहे थे।

Related Articles

Back to top button