खेल

IPL 2026 Final में पहुंचते ही Rajat Patidar ने RCB की रणनीति का किया खुलासा

 गुजरात टाइटंस को हराने के बाद RCB ने आईपीएल 2026 के फाइनल में सीधे प्रवेश किया। आरसीबी की इस जीत में कप्तान रजत पाटीदार का अहम योगदान रहा, जिन्होंने सिर्फ 33 गेंदों में 93 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 9 छक्के और 5 चौके शामिल रहे। पाटीदार की पारी के दम पर आरसीबी ने 254/5 का स्कोर खड़ा किया था, जो आईपीएल प्लेऑफ में किसी टीम का सबसे बड़ा स्कोर है।

इसके जवाब में गुजरात की टीम 19.3 ओवर में 162 रनों पर ढेर हो गई और आरसीबी ने मैच 92 रन से जीता। आईपीएल के लगातार दूसरे सीजन के फाइनल में पहुंचने के बाद आरसीबी कप्तान रजत पाटीदार बेहद खुश नजर आए।

उन्होंने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन के दौरान अपने बल्लेबाजों की तारीफ की। पाटीदार ने कहा कि वो बिना आउट होने की चिंता किए गेंदबाजों को परेशान करना पसंद करते हैं।

कैसे GT को RCB ने रौंदा? Rajat Patidar ने बताया प्लान

दरअसल, आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-1 में मैच जिताऊ पारी खेलने वाले रजत पाटीदार को प्लेयर ऑफ द मैच से नवाजा गया। उन्होंने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन के दौरान कहा कि इस बड़े मैच में अच्छी बॉडी लैंग्वेज और आक्रामक सोच बहुत जरूरी थी, जो RCB की बल्लेबाजी में दिखी भी।

आरसीबी कप्तान ने आगे कहा,

“ये हमारे लिए शानदार मैच था। खासकर बल्लेबाजों ने जिस तरह दबदबा बनाया, हर कोई इंटेंट के साथ खेल रहा था, वो बहुत अच्छा था। GT के गेंदबाजों पर टूट पड़ने का कोई तय प्लान नहीं था, लेकिन हम इसके लिए तैयार थे। आपको बॉडी लैंग्वेज से दिखाना होता है कि हम तुम पर हावी होने आए हैं। और वो हर बल्लेबाज में दिखा। हमने मीटिंग में बात की थी कि अच्छी बॉडी लैंग्वेज और अटैकिंग सोच रखनी है। ये बड़ा स्टेज था, क्वालीफायर 1, और जिस तरह हमने खेला, दबदबा बनाया, वो कमाल था।”

बता दें कि पाटीदार का ये सीजन सपने जैसा चल रहा है। 13 पारियों में 44.18 की औसत और 196.76 के स्ट्राइक रेट से 486 रन बना चुके हैं। इसमें 5 फिफ्टी और 41 छक्के शामिल हैं।अपनी बल्लेबाजी पर उन्होंने कहा,

मेरी बल्लेबाजी का तरीका टीम जैसा ही है। शुरुआत में मैं 8-10 गेंदें लेता हूं ये देखने के लिए कि पिच कैसी है और गेंद क्या कर रही है। उसके बाद मेरे दिमाग में साफ रहता है कि मुझे कैसे खेलना है। मैं अपने विकेट की चिंता नहीं करता। मुझे गेंदबाज पर दबाव बनाना पसंद है।

-आरसीबी कप्तान

पाटीदार ने माना कि पिच आसान नहीं थी। यहां गेंद के नीचे आकर लंबे छक्के मारना मुश्किल था क्योंकि उछाल काफी अच्छा था। उन्होंने गेंदबाजों की भी तारीफ की जो स्टंप-टू-स्टंप लाइन पर कमाल की गेंदबाजी कर रहे थे।”

उन्होंने आगे कहा,

“जिस तरह से GT अभी तक खेलती हुई आ रही थी, उसे देखकर हम पूरी तरह से क्लियर थे कि हमें उनके तीन मेन बल्लेबाजों को पावरप्ले में आउट करना होगा। हमारी यह रणनीति काम आई। रोमारियो शेफर्ड को जहां तक इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर लाने का सवाल है तो हम देखना चाहते थे कि अगर हम फाइनल में जाते हैं तो फिर वो मिडिल ओवर्स में किस तरह की गेंदबाजी कर सकते हैं। इसी वजह से उनको इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर मैदान में गेंदबाजी के समय उतारा गया। हमें अब फाइनल से पहले रिकवरी के लिए अच्छा समय मिलेगा।”

बता दें कि आईपीएल 2026 का फाइनल मैच 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होना है, जहां आरसीबी की टीम का सामना किससे होना है ये दूसरे क्वालिफायर मैच के नतीजे से सामने आएगा। आज एलिमिनेटर मैच में आरआर और एसआरएच का मैच है, जो भी टीम इस मैच को जीतेगी वह क्वालिफायर मैच में गुजरात से सामना करेगी।

Related Articles

Back to top button