सनराइजर्स ने मुंबई को ‘आईसीयू’ में पहुंचाया, प्वाइंट्स टेबल में नंबर-1 के लिए 3 टीमों में घमासान
सनराइजर्स हैदराबाद से मिली हार के बाद पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस आईसीयू में पहुंच चुकी है। आठ में से छह मैच हारने के बाद अब मुंबई का प्लेऑफ में पहुंचना बहुत मुश्किल हो गया है। मुंबई को प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए छह में से छह मैच जीतने होंगे, जो काफी कठिन है।
अगर ऐसा हो भी जाता है तो भी उसे दूसरी टीमों पर निर्भर रहना पड़ेगा। वानखेड़े स्टेडियम में बुधवार को इस मैदान का सबसे बड़ा स्कोर बनाने के बावजूद मुंबई को 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी। रियान रिकल्टन (123*) के अविजित शतक से मुंबई ने पांच विकेट पर 243 रन बनाए, जिसके जवाब में सनराइजर्स ने अभिषेक (45), ट्रेविस (76) और हेनरिक क्लासेन (65*) की पारियों के दम पर आठ गेंद शेष रहते चार विकेट खोकर 249 रन बनाकर जीत दर्ज की।
MI vs SRH: ट्रेविस-अभिषेक ने ऊंचा रखा ‘हेड’
वानखेड़े स्टेडियम में रिकार्ड लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स को उसकी विस्फोटक जोड़ी अभिषेक और हेड ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई और पावरप्ले में ही 92 रन कूट डाले। दोनों ने 8.3 ओवर में पहले विकेट के लिए 129 रन जोड़कर सनराइजर्स के लिए जीत की नींव रखी। हेड हालांकि भाग्यशाली रहे जब बोल्ट की गेंद पर नमन उनका कैच लपकने में नाकाम रहे और गेंद छक्के के लिए चली गई। उन्होंने इसी ओवर में दो और छक्के मारे।
नमन ने इसके बाद अल्लाह गजनफर की गेंद पर 30 रन के निजी स्कोर पर बैकवर्ड प्वाइंट पर हेड को दूसरा जीवनदान दिया। हेड ने इसका फायदा उठाते हुए बुमराह की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा जबकि अभिषेक ने भी इस स्टार तेज गेंदबाज पर छक्का जड़ा। नमन ने सातवें ओवर में अश्वनी कुमार की गेंद पर तीसरी बार हेड का कैच टपकाया और छक्के के साथ 20 गेंद में बाएं हाथ के इस बल्लेबाज का अर्धशतक पूरा हुआ।
इसी ओवर में टीम का शतक भी पूरा हुआ। गजनफर ने नौवें ओवर में लगातार दो गेंद पर अभिषेक और इशान किशन को आउट कर और अगले ओवर में हार्दिक ने हेड को आउट कर मुंबई की मैच में वापसी कराने की कोशिश की, लेकिन क्लासेन ने मुंबई की इन कोशिशों पर पानी फेर दिया। क्लासेन अंत तक टिके रहे।
IPL 2026 Points Table Updated
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने मुंबई को हराकर टूर्नामेंट में अपनी लगातार पांचवीं जीत हासिल की। इस मैच में मिली जीत के बाद एसआरएच की टीम अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। हैदराबाद की टीम के पास 9 मैच खेलने के बाद 12 अंक है और वो अब बेहतर नेट रन रेट की वजह से प्वाइंट्स टेबल में राजस्थान रॉयल्स से आगे निकल गई है।
हैदराबाद की टीम आरसीबी से पीछे है, जिनके पास भी 12 प्वाइंट्स है और 8 मैच में उन्होंने एसआरएच से बेहतर नेट रन रेट हासिल किया हुआ है। पंजाब किंग्स की टीम 13 अंक के साथ पहले पायदान पर बरकरार है।
हार के बाद एमआई की टीम 9वें स्थान पर बनी हुई है। वो केवल लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम से आगे है, जिनके खाते में भी 4 अंक है।
क्या हुआ बुमराह को?
दुनिया के सबसे घातक गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इस सीजन लयहीन दिख रहे हैं। आठ मैच हो चुके हैं और उनके नाम केवल दो विकेट हैं। वह छह मैच में विकेट नहीं ले सके हैं। जिस टीम में बुमराह जैसा गेंदबाज हो, विपक्षी टीम की आधी ताकत वैसे ही कम हो जाती थी लेकिन इस बार बुमराह की विफलता का खामियाजा मुंबई को भुगतना पड़ रहा है।
सनराइजर्स के खिलाफ मैच में बुमराह ने चार ओवर में 54 रन लुटाए, जो इस सीजन में उनका सबसे खराब प्रदर्शन है। इस सीजन में बुमराह चेन्नई और गुजरात के विरुद्ध ही विकेट चटका सके हैं।
इंपैक्ट प्लेयर शार्दुल से नहीं कराई गेंदबाजी
मुंबई इंडियंस ने इस मुकाबले में शार्दुल ठाकुर को बतौर इंपैक्ट प्लेयर खिलाया, लेकिन हार्दिक ने उनसे एक भी ओवर गेंदबाजी नहीं कराई। ये फैसला भी बताता है कि टीम में सबकुछ ठीक नहीं है।
रिकल्टन का शतक बेकार इससे पहले रियान रिकल्टन ने केवल 55 गेंदों में नाबाद 123 रन की अविजित पारी खेली, जिसमें 10 चौके और आठ छक्के शामिल रहे। रिकल्टन ने केवल 44 गेंद में शतक पूरा किया, जो मुंबई की ओर से सबसे तेज शतक है।
क्विंटन डिकाक की चोट के कारण अंतिम एकादश में शामिल हुए रिकल्टन ने इस मौके को दोनों हाथों से भुनाया और अपने आइपीएल करियर का पहला शतक जड़ते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। उनकी पारी न केवल आक्रामक थी, बल्कि बेहद संयमित भी रही, जहां उन्होंने बिना जोखिम उठाए हर शाट को पूरे आत्मविश्वास के साथ खेला।
मुंबई इंडियंस ने ओपनिंग संयोजन में बदलाव किया और रिकल्टन के साथ वि जैक्स को उतारा। यह प्रयोग पूरी तरह सफल रहा। दोनों ने पहले विकेट के लिए 93 रन जोड़े।



