खेल

IPL 2026: बीच सीजन में आईपीएल छोड़कर घर लौटे पैट कमिंस

आईपीएल-2026 की शुरुआत हुए अभी कुछ ही दिन हुए हैं। अभी टीमों का लय में आना बाकी है, लेकिन इससे पहले एक टीम को बड़ा झटका लग गया है। सनराइजर्स हैदराबाद के नियमित कप्तान पैट कमिंस बीच सीजन में फ्रेंचाइजी का साथ छोड़कर अपने घर लौट गए हैं।

कमिंस को पीठ में चोट है और इसी कारण वह शुरुआती दो मैचों में नहीं खेले। उनकी जगह ईशान किशन टीम की कप्तानी कर रहे हैं। कमिंस का चोटिल होना हैदराबाद के लिए चिंता की बात है। इसी चोट के सिलसिले में वह अपने घर ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना हो रहे हैं।

इस कारण ऑस्ट्रेलिया लौटे कमिंस

वेबसाइट ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, कमिंस अपनी पीठ की चोट के स्कैन के लिए ऑस्ट्रेलिया जा रहे हैं। ये स्कैन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की निगरानी में होगा। कमिंस गुरुवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेले गए मैच के बाद ही ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना हो गए थे। हैदराबाद की नजरें उनके स्कैन की रिपोर्ट पर टिकी रहेंगी। टीम दुआ करेगी कि उनकी चोट ठीक रहे और वह आगे के मैच खेल सकें। कमिंस के 17 अप्रैल को टीम से वापस जुड़ने की संभावना है।

ऐसा रहा है प्रदर्शन

हैदराबाद ने अभी तक दो मैच खेले हैं जिसमें से एक में उसे जीत तो एक में हार मिली है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ खेले गए मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा था। वहीं कोलकाता के खिलाफ उसके बल्लेबाज चल गए और इस टीम को जीत मिली। टीम अंक तालिका में इस समय छठे स्थान पर है। उसके दो अंक हैं।

Related Articles

Back to top button