हाथ मिलाने पर संशय बरकरार, प्रेस कांफ्रेंस में पलटे पाकिस्तानी कप्तान
भारत और पाकिस्तान मुकाबले के दौरान दोनों देशों के कप्तान व टीम के साथी हाथ मिलाएंगे या नहीं, इस पर संशय बरकरार है। जहां पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा शनिवार को अपनी प्रेस कांफ्रेंस में ही इस मुद्दे पर पलट गए तो वहीं भारतीय कप्तान सूर्य कुमार यादव से जब यह पूछा गया तो उन्होंने कहा कि 24 घंटे रुक जाओ न, अच्छे से खाना खाओ, सो जाओ न, रविवार को मैच से पहले इस पर फैसला ले लेंगे। कल ब्रेक कर दूंगा सस्पेंस, टॉस का टॉस में देखेंगे।
भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने पिछले साल दुबई में आयोजित एशिया कप के समय से एक-दूसरे से हाथ मिलाना बंद कर दिया है। यह टूर्नामेंट पहलगाम हमले और उसके बाद भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर की पृष्ठभूमि में खेला गया था।
पलटे आगा
आगा ने पाकिस्तानी पत्रकार के सवाल पर कहा कि खेल उसी भावना से खेला जाना चाहिए, जिसके लिए वह जाना जाता है लेकिन जब आखिर में भारतीय पत्रकार ने हाथ मिलाने को लेकर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि रविवार को पता चलेगा कि क्या होता है। हाथ मिलाने की परंपरा को लेकर पूछे गए सवाल पर आगा ने शनिवार को कहा कि किसी भी परिस्थिति में खेल भावना को बनाए रखा जाना चाहिए। क्रिकेट सही भावना के साथ खेला जाना चाहिए। मेरी व्यक्तिगत राय शायद मायने नहीं रखती लेकिन क्रिकेट उसी तरीके से खेला जाना चाहिए, जिस तरह से इसे हमेशा खेला जाना चाहिए था। क्या करना है, यह तय करना उन पर निर्भर है।
हालांकि बाद में उन्होंने कहा कि रविवार को देखेंगे कि क्या करना है। वहीं, भारतीय टीम अंतिम निर्णय उच्च अधिकारियों पर छोड़ते हुए टीम उनके निर्देशों का पालन करेगी। भारतीय टीम के अंदर इंटरनेट मीडिया पर सार्वजनिक भावनाओं को लेकर सतर्कता भी है, क्योंकि पहलगाम हमले के बाद भावनाएं अब भी काफी संवेदनशील बनी हुई है और प्रतिक्रियाएं तीखी हो सकती हैं।
आईसीसी चाहता है कि एशिया के पांच टेस्ट खेलने वाले देशों के अधिकारी साथ बैठकर मैच देखें। आईसीसी प्रमुख जय शाह रविवार को कोलंबो में मौजूद रहेंगे। इस दौरान पाकिस्तान और बांग्लादेश के अध्यक्ष भी यहां रहेंगे। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल बीसीसीआई से फिर संबंध सुधारना चाहते हैं।


